
नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि भारतीय रेल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित अपने बजट का 98 प्रतिशत फरवरी के अंत तक खर्च कर दिया था। यह परियोजनाओं के तेज क्रियान्वयन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हाई-स्पीड रेल के कारण, विशेष रूप से मुंबई-पुणे, हैदराबाद-बेंगलुरु जैसे घने अंतर-शहर गलियारों (dense inter-city corridors) पर ट्रेनें हवाई यात्रा को पीछे छोड़ देंगी। 49,000 किलोमीटर से अधिक रेल ट्रैकों का विद्युतीकरण हो चुका है और 36,000 किलोमीटर से अधिक नए ट्रैक जोड़े गए हैं। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इन बदलावों से रेलवे का कायाकल्प हो जाएगा और यात्रियों को तेज़, सुरक्षित और विश्व स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।

