‘आवारापन 2’ से शिवम के रूप में वापसी करेंगे इमरान हाशमी

Manu Shrivastava
2 Min Read
फिल्म ‘आवारापन 2’ की शूटिंग पूरी हुई
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

इमरान हाशमी के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ की शूटिंग आधिकारिक तौर पर पूरी हो चुकी है। साल 2007 में रिलीज हुई कल्ट क्लासिक रोमांटिक-थ्रिलर फिल्म ‘आवारापन’ के सीक्वल का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अब फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए शूटिंग पूरी होने की जानकारी साझा कर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

सोशल मीडिया पर खास अंदाज में हुआ ऐलान

प्रोडक्शन हाउस विशेष फिल्म्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इमरान हाशमी की एक तस्वीर साझा की है। तस्वीर में अभिनेता फिल्म का क्लैपरबोर्ड पकड़े नजर आ रहे हैं। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, “पुराने फैंस जानते हैं कि यह सिर्फ एक रैप नहीं है। वह आपके लिए वापस आया है। 14 अगस्त को सिनेमाघरों में।” इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।

दो दशक बाद ‘शिवम’ की वापसी

फिल्म की शूटिंग राजस्थान और दक्षिण-पूर्व एशिया की खूबसूरत लोकेशंस पर की गई है। इस सीक्वल में इमरान हाशमी करीब 18 साल बाद अपने लोकप्रिय किरदार ‘शिवम’ के रूप में वापसी करेंगे। निर्माता विशेष भट्ट के अनुसार, ‘आवारापन’ केवल एक फिल्म नहीं बल्कि एक भावना है, जिसे बड़े पर्दे पर देखने का अलग ही अनुभव है।

स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर रिलीज

‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दमदार कहानी, शानदार संगीत और इमरान हाशमी की वापसी के कारण फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

Share This Article