

इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म में जब पहली फिल्म का मशहूर गाना ‘तो फिर आओ, मुझको सताओ…’ गूंजा तो सिनेमाघरों का माहौल पूरी तरह बदल गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दर्शक गाने के साथ सुर मिलाते और जमकर एक्साइटमेंट जाहिर करते नजर आए।





मुस्तफा जाहिद ने साझा किया इमोशनल पोस्ट
इस बीच पाकिस्तानी सिंगर मुस्तफा जाहिद ने फिल्म देखने के बाद एक भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने कनाडा के एक थिएटर में ‘आवारापन 2’ देखने का अनुभव साझा करते हुए बताया कि फिल्म में अपनी ही आवाज सुनना उनके लिए बेहद खास और भावनात्मक पल था। उनकी पोस्ट ने एक बार फिर गाने के नए वर्जन को लेकर चल रही चर्चा को हवा दे दी।
मिथुन को लेकर पहले भी जता चुके हैं नाराजगी
मुस्तफा जाहिद इससे पहले भी गाने के नए वर्जन को लेकर अपनी निराशा जाहिर कर चुके हैं। उनका कहना रहा है कि मूल गाने से जुड़े होने के बावजूद नए वर्जन में उनकी जगह मिथुन को दी गई। इसी वजह से दोनों वर्जन को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा होती रही है।
विशेष भट्ट ने विवाद से बनाई दूरी
वहीं फिल्म के प्रोड्यूसर विशेष भट्ट ने गाने के नए वर्जन को लेकर चल रहे विवाद पर सीधे तौर पर कुछ कहने से परहेज किया। उन्होंने बस इतना कहा कि जो आपका है, वह आपका ही रहता है, चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों। उनका यह बयान अब चर्चा में है।
फैंस के लिए नॉस्टैल्जिया का पल
‘आवारापन 2’ में पुराने गाने की मौजूदगी ने फैंस को पहली फिल्म की याद दिला दी है। इमरान हाशमी के फैंस के बीच गाने को लेकर उत्साह और मुस्तफा जाहिद की भावुक प्रतिक्रिया ने फिल्म के म्यूजिक को फिर सुर्खियों में ला दिया है।
