
अभिनेता आयुष्मान खुराना ने अपनी आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ की शूटिंग पूरी होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ साझा की। उन्होंने फिल्म के सेट से कई यादगार तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें वह सह-कलाकार शरवरी के साथ नजर आए। तस्वीरों को फैंस से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।
टीम का जताया आभार
आयुष्मान ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में फिल्म से जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा कि बाणगंगा में फिल्म की शूटिंग सबसे शुभ तरीके से पूरी हुई। अभिनेता ने निर्देशक सूरज बड़जात्या, राजश्री प्रोडक्शंस, महावीर जैन और पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफर उनके लिए बेहद खास रहा।
27 नवंबर को होगी रिलीज
राजश्री प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। अभिनेता ने कहा कि अब उन्हें उस पल का इंतजार है जब दर्शक और उनके परिवार इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखेंगे।
चार साल बाद निर्देशन में लौटे सूरज बड़जात्या
सूरज बड़जात्या लगभग चार वर्षों के अंतराल के बाद इस फिल्म के जरिए निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 2022 में फिल्म ऊंचाई का निर्देशन किया था। ‘हम आपके हैं कौन..!’, ‘हम साथ-साथ हैं’ और ‘विवाह’ जैसी पारिवारिक फिल्मों के लिए मशहूर सूरज बड़जात्या की नई फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।

