
देवघर : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को देवघर नमो सेवा शिविर का निरीक्षण किया तथा श्रद्धालु कांवरियों के बीच प्रसाद भी वितरित किया। इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए बाबूलाल ने कहा कि नमो सेवा शिविर में हजारों कांवरियों के लिए निशुल्क आवास, भोजन, पेयजल, विश्राम एवं सुलभ शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। जिससे बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।

