बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले दोनों कलाकार शुक्रवार, 7 अगस्त को लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सनी देओल के बेटे और अभिनेता करण देओल भी मौजूद रहे।

सीएम योगी ने किया स्वागत
मुलाकात के दौरान सनी देओल और प्रीति जिंटा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ फिल्म और अन्य विषयों पर बातचीत की। मुलाकात के बाद सीएम योगी ने दोनों कलाकारों को हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां भेंट कीं। इस खास मौके पर तीनों ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।
सनी देओल ने शेयर की तस्वीरें
सनी देओल ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर खुशी जताई। उन्होंने मुलाकात को सुखद और आत्मीय बताया। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर मशहूर फिल्म अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा से शिष्टाचार मुलाकात हुई।
‘बंटवारा 1947’ का लखनऊ में प्रमोशन
सनी देओल और प्रीति जिंटा लखनऊ में अपनी फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में पहुंचे थे। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। आजादी के सप्ताह में रिलीज हो रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
बंटवारे की पृष्ठभूमि पर कहानी
‘बंटवारा 1947’ भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है। कहानी में प्यार, त्याग, संघर्ष और हिम्मत जैसे भावों को प्रमुखता दी गई है। फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘तबस्सुम’ गाने ने बढ़ाई चर्चा
फिल्म का नया गाना ‘तबस्सुम’ भी हाल ही में रिलीज हुआ है। यह गाना अली फजल-खुशी हजारे और करण देओल-कनिका कपूर के किरदारों पर फिल्माया गया है। फिल्म की रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से होने की उम्मीद है।


