बीड (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार सुबह गड्ढों से बचने के प्रयास में एक कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और राज्य परिवहन निगम की बस से उसकी टक्कर हो गयी। इस हादसे में 11 साल के एक बच्चे सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 11 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर माजलगांव तहसील में खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिंदेवाड़ी क्रॉस रोड के पास हुआ।
उन्होंने बताया कि माजलगांव के रहने वाले सभी पीड़ित पड़ोसी जिले धाराशिव स्थित तुलजापुर जा रहे थे, तभी उनकी कार सामने से आ रही महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) की बस से टकरा गई।
अधिकारी ने कहा कि टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान ओंकार महादेव गिरी (24), गजानन महादेव नामदास (38), उनके बेटे समर्थ (11), सोमनाथ बाडे (23) और अनिल आचार्य (40) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि एक पुल पर गड्ढों से बचने की कोशिश के दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई, जिससे बस से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई।
इस घातक दुर्घटना के बाद माजलगांव-तेलगांव मार्ग पर सड़कों की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि घटिया निर्माण व खराब रखरखाव के कारण राजमार्ग पर जगह-जगह दरारें और गड्ढे हो गए हैं, जिससे यह मुख्य मार्ग दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन गया है।
प्रदर्शन के कारण राजमार्ग पर कई घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। बाद में वरिष्ठ पुलिस और जिला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही फिर से बहाल की जा सकी।


