
रांची : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए बुधवार का दिन कई अहम सौगातें लेकर आया। दिल्ली से पहुंचे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापू ने एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों के लिए कई नई सुविधाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर एयरपोर्ट परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। इसके साथ ही बिरसा मुंडा फीचर वॉल, UDAN यात्री कैफे, AVSAR काउंटर, किड्स ज़ोन और फ्लायब्ररी जैसी सुविधाओं की शुरुआत भी की गई।
केंद्रीय मंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट को जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। साथ ही यहां से अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट कनेक्टिविटी भी शुरू करने की योजना है। उन्होंने यह भी कहा कि एयरपोर्ट पर यात्रियों को अब सस्ती सुविधाएं मिलेंगी। उनके अनुसार, अब यहां ₹10 की चाय और ₹20 की कॉफी उपलब्ध होगी, ताकि आम यात्रियों को राहत मिल सके।
मंत्री ने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के बजट का एक बड़ा हिस्सा रांची एयरपोर्ट के विकास पर खर्च किया जाएगा। साथ ही एयरपोर्ट के विस्तार का काम भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू किंजरापू और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ बुलेट बाइक पर सवार होकर शहर का भ्रमण करते हुए एयरपोर्ट पहुंचे, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी खास बन गया।

