
Preparations for BJP’s Foundation Day in full Swing : भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई ने 6 अप्रैल को होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह को कार्यक्रम का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है।
वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव और किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अर्जुन सिंह को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी ने जिला स्तर पर भी संगठन को सक्रिय करने के लिए प्रत्येक जिले में एक संयोजक और दो सह संयोजकों की नियुक्ति का निर्देश दिया है, ताकि कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सके।
प्रदेश संयोजक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को मनाया जाता है और इसे हर वर्ष पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जाता है।
इस वर्ष भी झारखंड में 5 से 7 अप्रैल तक पार्टी कार्यालयों की सजावट, 6 अप्रैल को ध्वजारोहण, पार्टी की विकास यात्रा पर चर्चा और मिष्ठान वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं को अपने घरों पर पार्टी का झंडा फहराने और सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा 6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि 8 और 9 अप्रैल को जिला स्तर पर सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन किया जाएगा।
7 से 12 अप्रैल के बीच “गांव/बस्ती चलो अभियान” भी चलाया जाएगा, जिसके तहत स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, बुद्धिजीवियों से संवाद और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को मजबूत करना, जनसंपर्क बढ़ाना और सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना है।
