भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तेलंगाना के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय तेलंगाना दौरे पर हैं, जहां वे बूथ कार्यकर्ताओं, छात्रों और आदिवासी नेताओं से मुलाकात करेंगे तथा पार्टी संगठन को मजबूत करने पर जोर देंगे।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

BJP President Telangana Visit : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार से तेलंगाना के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अलग-अलग कार्यक्रमों में छात्रों, आदिवासियों, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे।

भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भाजपा अध्यक्ष नवीन का यह तीन दिवसीय प्रवास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेलंगाना में ‘डबल इंजन सरकार’ की नींव रखेगा।

यह देखते हुए कि भाजपा में बूथ स्तर का कार्यकर्ता संगठन की आत्मा और दिल होता है, राव ने कहा कि नवीन के तेलंगाना दौरे के कार्यक्रम बूथ कार्यकर्ताओं के इर्द-गिर्द केंद्रित हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की राज्य इकाई के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए यह दौरा और भी अधिक महत्व रखता है क्योंकि यह वर्ष भारतीय जनसंघ की 75वीं वर्षगांठ और इसके संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती का वर्ष है।

भाजपा अध्यक्ष नवीन रविवार दोपहर हैदराबाद पहुंचेंगे, जिसके बाद वह शहर के बाहरी इलाके शमशाबाद में पार्टी के रंगारेड्डी जिला कार्यालय का उद्घाटन करने के साथ नौ जिला इकाइयों के कार्यालयों का डिजिटल रूप से उद्घाटन भी करेंगे।

इसके बाद नवीन यहां एग्जीबिशन ग्राउंड में ग्रेटर हैदराबाद, साइबराबाद और मल्काजगिरि की तीन नगर निगम सीमाओं के अंतर्गत आने वाले भाजपा के बूथ अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करेंगे। नितिन नवीन 29 जून को यहां घाटकेसर में इंजीनियरिंग और अन्य विद्यार्थियों के एक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे तथा हैदराबाद से 150 किलोमीटर दूर वारंगल जाऐंगे।

वारंगल में वह आदिवासी समुदाय के नेताओं से बातचीत करेंगे और पोलिंग बूथ अध्यक्षों व अन्य लोगों की बैठक में भी शामिल होंगे।
इसके अलावा, भाजपा अध्यक्ष 30 जून को दिल्ली रवाना होने से पहले राज्य पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने वाले हैं।

पिछले वर्ष दिसंबर में भाजपा अध्यक्ष पद की कमान संभालने वाले नितिन नवीन इससे पहले इसी वर्ष फरवरी में नगर निकाय चुनावों के दौरान भी तेलंगाना का दौरा कर चुके हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।