
बोकारो: बोकारो जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां गुरुवार तड़के करीब 4 बजे पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के साथ मुठभेड़ हो गया। इस मुठभेड़ में राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य प्रिंस गुप्ता घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान प्रिंस गुप्ता के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और एफएसएल टीम मौके पर जांच में जुटी है।
हथियार बरामदगी के दौरान हुई फायरिंग
मुठभेड़ को लेकर पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद प्रिंस गुप्ता से पूछताछ की गई। उसे हथियार बरामद करने के लिए जंगल की ओर ले जाया गया। हथियार बरामदगी के दौरान उसने अचानक मौका पाकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताते चलें कि इससे पहले बोकारो पुलिस ने राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से 2 अपराधी ऐसे हैं, जिनका संबंध दोनों गिरोहों से है, जबकि बाकी 5 आरोपी राहुल दुबे गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। पूरे मामले को लेकर बोकारो एसपी जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देंगे।
