स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हमला मामले में दोनों पक्षों ने दर्ज करायी प्राथमिकी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गोरखपुर: कुशीनगर जिले के फाजिलनगर में भाजपा समर्थकों द्वारा समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर कथित हमले के मामले में बुधवार को दोनो पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गई।

पुलिस ने बताया कि एक पक्ष की ओर से स्वामी प्रसाद मौर्य, उनकी बेटी संघमित्रा मौर्य, पुत्र अशोक मौर्य जबकि दूसरे पक्ष की ओर से भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, ब्लॉक प्रमुख वशिष्ठ राय उर्फ गुड्डू राय ने प्राथमिकी दर्ज करायी।

दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में 39 से अधिक लोगों को नामजद किया गया है।

मंगलवार को चुनाव प्रचार के दौरान खावा पट्टी गांव में स्वामी प्रसाद मौर्य का काफिला और भाजपा का जुलूस आमने-सामने आ गया था, जिसके बाद दोनो पक्षों में झड़प हो गई थी।

सपा उम्मीदवार स्वामी प्रसाद मौर्य और उनकी बेटी संघमित्रा मौर्य ने भाजपा समर्थकों पर एक सुनियोजित हमले का आरोप लगाया था।

हालांकि, भाजपा ने इस आरोप का खंडन किया था और पलटवार करते हुए सपा कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया था।

मौर्य हाल में भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए थे और फाजिलनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार सुरेंद्र सिंह कुशवाहा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर सुनियोजित हमले का आरोप लगाया है और लिखित शिकायतों के आधार पर 39 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें मौर्य पक्ष के 25 और दूसरे पक्ष के 14 नाम शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों की लिखित शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गयी है।

Share This Article