बुंडू (राँची): प्रखंड के लाबगा खेल मैदान के बीच से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाइटेंशन बिजली तार और खंभों को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विद्युत अभियंता, बुंडू को एक ज्ञापन सौंपा है। मंगलवार को लाबगा मैदान परिसर में ग्राम प्रधान सुंदर मुंडा की अध्यक्षता में एक ग्राम सभा बैठक आयोजित की गई, जिसमें खेल मैदान के ऊपर से गुजर रहे खतरनाक बिजली के तारों को किनारे स्थानांतरित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बताया कि लाबगा मैदान क्षेत्र का एक प्रमुख केंद्र है, जहाँ बड़े स्तर पर फुटबॉल टूर्नामेंट, 12 मौजा का सामूहिक सरहुल मिलन समारोह और महत्वपूर्ण सामाजिक बैठकें आयोजित होती हैं। आगामी 23 अक्टूबर से मैदान में 32 टीमों का विशाल फुटबॉल खेल प्रतियोगिता भी आयोजित होना तय है। मैदान के बिल्कुल बीच में हाई वोल्टेज तार और खंभे होने के कारण खिलाड़ियों और दर्शकों पर हमेशा गंभीर हादसे का खतरा मंडराता रहता है।
ग्राम प्रधान सुंदर मुंडा और वार्ड सदस्य माकी देवी ने कहा कि पूर्व में भी बुंडू प्रमुख के माध्यम से ग्राम सभा के प्रस्ताव की प्रति बिजली विभाग को सौंपी गई थी, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से अविलंब स्थल निरीक्षण कर तार व खंभों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस मौके पर मुख्य रूप से झामुमो बुंडू प्रखंड अध्यक्ष कलेश्वर मुंडा, उपाध्यक्ष जमील अंसारी, अल्पसंख्यक विभाग के विधायक प्रतिनिधि अशरफ़ अंसारी, ग्राम प्रधान सुंदर मुंडा, वार्ड सदस्य माकी देवी सहित कई ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।


