
Big CBI trap in Ranchi : रांची में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अधिकारी की पहचान चीफ कॉमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर 50 हजार रुपये की घूस ले रहे थे।
जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार का करीब 8.50 लाख रुपये का बिल लंबित था। आरोप है कि इस बिल को पास कराने के एवज में अधिकारी ने रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में ठेकेदार अजय त्यागी ने CBI से लिखित शिकायत की, जिसके बाद एजेंसी ने मामले की जांच शुरू की।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर CBI ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप ऑपरेशन चलाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने घूस की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे धर दबोचा। इस कार्रवाई से रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामले में यह भी सामने आया है कि कथित रिश्वत राशि में एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी, सीनियर डीसीएम सूची सिंह की भी भूमिका हो सकती है। CBI ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
CBI ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी सरकारी कार्य में रिश्वत मांगी जाती है, तो इसकी तुरंत शिकायत करें। एजेंसी ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
