झारखंड हाईकोर्ट की सख्ती: होमगार्ड भर्ती की दौड़ परीक्षा पर रोक, रिजल्ट जारी करने पर भी बैन

झारखंड हाईकोर्ट ने होमगार्ड भर्ती में अनियमितताओं पर सख्ती दिखाते हुए दौड़ परीक्षा और रिजल्ट जारी करने पर रोक लगाई, जिससे राज्यभर में भर्ती प्रक्रिया पर अनिश्चितता बढ़ गई

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand High Court’s strictness : झारखंड उच्च न्यायालय ने राज्य में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया पर बड़ा हस्तक्षेप करते हुए दौड़ परीक्षा पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही कोर्ट ने साफ निर्देश दिया है कि अगली अनुमति तक भर्ती का अंतिम परिणाम भी जारी नहीं किया जाएगा।

यह आदेश न्यायमूर्ति आनंदा सेन की पीठ ने सुनवाई के दौरान पारित किया। अदालत के इस फैसले से राज्यभर में जारी भर्ती प्रक्रिया प्रभावित होना तय माना जा रहा है।

मामला ‘सिकेंद्र मुर्मू बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य’ से जुड़ा है, जिसमें याचिकाकर्ता ने भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर आपत्ति जताई थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि वह इस संबंध में अपना पक्ष रखते हुए काउंटर एफिडेविट दाखिल करे।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक आगे का आदेश नहीं आता, तब तक किसी भी स्थिति में अंतिम परिणाम प्रकाशित नहीं किया जाएगा।

इस बीच कोर्ट ने इस मामले को एक अन्य संबंधित केस (WPS 2656/2023) के साथ टैग करते हुए चार सप्ताह बाद सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया है।

ऐसे में अगली सुनवाई अप्रैल 2026 के मध्य में होने की संभावना जताई जा रही है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता रंजन प्रसाद राम ने पैरवी की, जबकि राज्य सरकार की ओर से मुन्ना लाल यादव और दीपक कुमार उपस्थित हुए।

कोर्ट के इस आदेश का सीधा असर उन जिलों पर पड़ेगा, जहां होमगार्ड भर्ती के तहत दौड़ परीक्षा चल रही थी या प्रस्तावित थी। खासकर गोड्डा सहित कई जिलों में चल रही तैयारियां अब अनिश्चितता में पड़ गई हैं। यदि आदेश के बावजूद प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है, तो मामला पुनः न्यायालय की अवमानना के दायरे में आ सकता है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।