अब रांची नगर निगम मुख्यालय के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, हर इलाके में खुलेंगे सर्किल ऑफिस

रांची नगर निगम शहर के अलग-अलग इलाकों में सर्किल ऑफिस खोलेगा। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस और पीएम आवास योजना जैसी सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: नगर निगम की सेवाओं को नागरिकों के घर के करीब पहुंचाने की दिशा में रांची नगर निगम ने बड़ी पहल की है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में डेडीकेटेड सर्किल ऑफिस विकसित किए जाएंगे, जहां लोगों को जन्म-मृत्यु निबंधन, होल्डिंग व जलकर, ट्रेड लाइसेंस, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित नगर निगम से जुड़ी कई सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। इससे छोटे-छोटे काम के लिए लोगों को निगम मुख्यालय का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।

इसी योजना को जमीन पर उतारने के लिए नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को निगम की टीम के साथ शहर के सात से अधिक संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। वार्ड-21 बड़ा तालाब, वार्ड-32 पंडरा, वार्ड-06 बांधगाड़ी, वार्ड-42 धुर्वा, वार्ड-41 शाखा मैदान धुर्वा, वार्ड-52 नायक टोली हटिया और वार्ड-44 डोरंडा अंचल कार्यालय का जायजा लिया गया।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को भवनों की मरम्मती, रंग-रोगन, बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर और कंप्यूटर जैसी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

नागरिकों की सुविधा के लिए भवनों के बाहर शेड और प्रतीक्षास्थल विकसित करने पर भी जोर दिया गया। वार्ड-41 शाखा मैदान में खाली जमीन पर कम्युनिटी टॉयलेट और अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।

एक केंद्र पर मिलेंगी कई तरह सेवाएं

प्रस्तावित सर्किल ऑफिस में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़े कार्य, होल्डिंग एवं जलकर भुगतान या आवेदन, ट्रेड लाइसेंस संबंधी आवेदन और भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन तथा सिविल वर्क्स से जुड़ी शिकायतों समेत अन्य नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और कर्मी भी इन केंद्रों से सेवाओं से जुड़े रहेंगे। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों के नागरिकों को छोटी सेवाओं के लिए निगम मुख्यालय आने से समय, श्रम और आने-जाने का खर्च बढ़ता है। सर्किल ऑफिस बनने से निगम की सेवाएं विकेंद्रीकृत और नागरिक-केंद्रित होंगी तथा मुख्यालय में भीड़ कम होगी। बोर्ड की सहमति और अनुशंसा के बाद स्थलों का अंतिम निर्धारण किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से सर्किल ऑफिस को सक्रिय किया जाएगा।

अतिक्रमण पर भी निगम की कार्रवाई तेज

इधर, नगर निगम ने शनिवार को रांची वूमेंस कॉलेज, साइंस ब्लॉक मार्ग, अल्बर्ट एक्का चौक और बांधगाड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। वूमेंस कॉलेज और साइंस ब्लॉक मार्ग से 15 अस्थायी संरचनाएं हटाई गईं तथा चार काउंटर और दो टीन की दुकानें जब्त की गईं। शास्त्री मार्केट में दो बड़े काउंटर हटाए गए। बांधगाड़ी में सरकारी भूमि पर बनी दो स्थायी दुकानों और एक मकान के छज्जे को भी हटाया गया।

वहीं, बिना Municipal Trade License संचालित कोचिंग संस्थानों पर भी निगम ने कार्रवाई शुरू की है। जांच में 20 संस्थानों को नोटिस जारी कर तीन दिन की मोहलत दी गई है। निर्धारित अवधि के बाद बिना वैध लाइसेंस संचालन मिलने पर सीलिंग की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नगर निगम के अनुसार शहर में करीब 831 कोचिंग संस्थान हैं, लेकिन अब तक केवल 68 के पास वैध Municipal Trade License पाया गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी संस्थानों पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई होगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।