रांची : आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान शहरवासियों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए रांची नगर निगम पूरी तत्परता से जुट गया है। निगम द्वारा अंचल स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, जिसके तहत अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर पूजा पंडालों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं।

बड़ा तालाब, पंडरा, बांधगाड़ी, धुर्वा, डोरंडा और तुपुदाना अंचल के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के पूजा आयोजकों से निरंतर संपर्क साधकर स्थानीय समस्याओं और जरूरतों की जानकारी जुटा रहे हैं। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए निगम द्वारा सफाई, स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने, नालियों की सफाई, स्लैब बिछाने, स्टोन डस्ट की उपलब्धता और पेड़ों की छंटाई जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा व अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूजा समितियों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है, ताकि समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सके।
नगर निगम का मुख्य उद्देश्य पूजा के दौरान शहर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं देना और पूजा समितियों को आयोजन में पूरा सहयोग प्रदान करना है। इसके लिए सभी अंचल कार्यालयों को समस्याओं के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं। निगम प्रशासन ने जानकारी दी है कि पूजा समितियां किसी भी आवश्यकता या शिकायत के लिए अपने संबंधित अंचल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या निगम के टोल-फ्री नंबर 1800-570-1235 पर कॉल करके सहायता प्राप्त कर सकती हैं।


