जमीन विवाद पर नहीं हुई कार्रवाई तो युवक ने अपनाया अनोखा तरीका, चप्पलों की माला पहनकर थाने के बाहर बैठा

गिरिडीह के गावां में जमीन विवाद पर सुनवाई न होने से नाराज युवक चप्पलों की माला पहनकर थाने के बाहर धरने पर बैठा; पुलिस और प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह: जमीन विवाद में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए गिरिडीह के गावां में एक युवक ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार को कुलदीप तुरी जूते-चप्पलों की माला पहनकर गावां थाना के बाहर धरने पर बैठ गया। युवक ने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की।

कुलदीप तुरी के मुताबिक, गावां थाना क्षेत्र के हिराहरी में उनके परिवार की पुश्तैनी जमीन है। जमीन को लेकर करीब तीन साल से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि जमीन की अमीन से मापी भी कराई गई थी और मामला लंबे समय तक अनुमंडल स्तर पर भी चला।

कुलदीप का आरोप है कि बाद में अंचल स्तर से विपक्षी के पक्ष में फैसला आने के बाद दूसरे पक्ष ने विवादित जमीन पर हल चलाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर करीब एक महीने पहले उनके परिवार के साथ मारपीट भी की गई। इस मामले में थाना में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप युवक ने लगाया है।

डीसी कार्यालय के सामने भी दिया था धरना

कुलदीप ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई नहीं होने के विरोध में उनके परिवार ने डीसी कार्यालय के सामने करीब 13 दिनों तक धरना दिया था। उस दौरान जिला परिषद सदस्य इमरान अंसारी, गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार समेत अन्य लोगों ने हस्तक्षेप किया था। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया, लेकिन युवक का कहना है कि इसके बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पहले भी अलग तरीके से कर चुका है विरोध

युवक ने बताया कि न्याय की मांग को लेकर वह पहले भी विरोध का अनोखा तरीका अपना चुका है। कुछ समय पहले वह अर्धनग्न होकर शरीर पर पोस्टर चिपकाकर गावां बाजार में घूमते हुए अपनी बात रख चुका है।

अब उसने जूते-चप्पलों की माला पहनकर थाना के बाहर धरना शुरू किया है। कुलदीप का आरोप है कि प्रभावशाली लोग पैसे के दम पर उसकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है।

युवक ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जमीन विवाद में न्याय दिलाने की मांग की है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।