

रांची : झारखंड के अनुसूचित जनजाति (एसटी), अनुसूचित जाति (एससी) और पिछड़ा वर्ग (बीसी) के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदन से वंचित रह गए विद्यार्थियों को राज्य सरकार ने एक और मौका दिया है। कल्याण विभाग ने ई-कल्याण पोर्टल को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। इसके तहत सत्र 2025-26 और 2026-27 के पात्र विद्यार्थी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।





सत्र 2025-26 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 अगस्त 2026 से शुरू होगी। विद्यार्थी 25 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं सत्र 2026-27 के लिए भी ऑनलाइन आवेदन 25 अगस्त से शुरू होगा और इसकी अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। सरकार के इस फैसले से उन हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो किसी कारणवश पहले निर्धारित समय में छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं कर सके थे।
विभाग ने विद्यार्थियों को आवेदन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। आवेदन में नाम, जाति, बैंक खाता, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी जानकारियां सही-सही दर्ज करनी होंगी। किसी प्रकार की गलत जानकारी दर्ज होने पर आवेदन के सत्यापन में परेशानी हो सकती है। आवेदन जमा करने के बाद विद्यार्थियों को इसकी रसीद का प्रिंटआउट सुरक्षित रखना होगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों के फॉर्म की जांच पहले संबंधित शैक्षणिक संस्थान के नोडल अधिकारी के स्तर पर होगी। इसके बाद आवेदन जिला कल्याण पदाधिकारी के स्तर पर सत्यापित किए जाएंगे। विभाग ने शैक्षणिक संस्थानों को भी पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल और जरूरी जानकारी समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
