

रांची: रामगढ़ जिले में इस्पात के कारखाने में आग लगने से कम से कम तीन कर्मचारियों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार आधी रात को हेहल स्थित इस्पात के कारखाने के ‘कैप्टिव पावर प्लांट’ से आग फैल गई। बताया गया कि फैक्ट्री के पावर प्लांट साइट में उत्पादन कार्य के दौरान अचानक ब्लास्ट होने के बाद आग लगने के बाद रात्रि पाली में काम कर रहे मजदूरों में अफरा–तफरी मच गई। जान बचाने के लिए मजदूर इधर भागने लगे। सूचना पाकर देर रात को फैक्ट्री प्रबंधन के लोग व पुलिस पहुंची। रामगढ़ से चार–पांच दमकल बुलाकर आग पर किसी तरह से काबू पाया गया। घटना की सूचना पाकर सुबह से स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ फैक्ट्री गेट के समक्ष जुटी है। मृतकों के आश्रित को मुआवजा व नौकरी देने की मांग को लेकर फैक्ट्री के गेट को जाम करने की तैयारी में जुटे हैं। इधर फैक्ट्री के पावर प्लांट यूनिट के इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण प्लांट में ओवरहीटिंग के कारण घटना हुई। बार–बार वहां एसी लगाने को कहा गया था, ताकि टेम्प्रेचर कंट्रोल रहे।





