रांची: हरमू रोड स्थित एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल में दो दिवसीय इंटर-हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत खेल भावना के साथ हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन विद्यालय के चारों सदनों दामोदर हाउस, कोयल हाउस, शंकर हाउस और स्वर्णरेखा हाउस के छात्र-छात्राओं ने बालक व बालिका वर्ग में हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

मैदान पर उतरी टीमों ने उत्कृष्ट अनुशासन, टीम वर्क और समर्पण के साथ मुकाबले खेले। खासकर बालिका वर्ग की सक्रिय भागीदारी ने पूरे आयोजन को खास बना दिया। पूरे दिन चले रोमांचक मैचों के दौरान मैदान में खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा। इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। पहले दिन के सफर के बाद अब सभी की नजरें अंतिम दिन होने वाले फाइनल मुकाबलों पर टिक गई हैं।
कार्यक्रम के अवसर पर स्कूल के निदेशक कुणाल कश्यप ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक विकास के लिए भी बेहद जरूरी हैं। खेल के जरिए बच्चे जीवन में नेतृत्व और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण सीखते हैं। वहीं स्कूल के प्राचार्य शादान आलम ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का मूल्य समझाती हैं।


