रांची के सुखदेव नगर में बंद मकान से चोरी, इतने लाख के गहने-सामान ले गए चोर

रांची के सुखदेव नगर स्थित पहाड़ी टोला में बंद मकान से करीब 40 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और बेटी की शादी का सामान चोरी हो गया।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राजधानी के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित पहाड़ी टोला में बेखौफ चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 40 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार पिछले करीब एक महीने से अपने गृह जिला बिहार गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर अपराधियों ने बंद मकान का दरवाजा तोड़ा और अंदर घुसकर पूरे घर को खंगाल डाला।

चोरी की इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि अपराधियों ने उस सामान को भी नहीं छोड़ा, जिसे परिवार ने अपनी बेटी की आगामी शादी के लिए वर्षों के अरमानों और गाढ़ी कमाई से जुटाकर रखा था। चोर अलमारियों को तोड़कर शादी के लिए बनाए गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, कीमती बर्तन और दुल्हन के लिए खरीदा गया अन्य सामान समेटकर फरार हो गए।

पड़ोसियों ने जब घर का ताला टूटा देखा तो इसकी सूचना फोन पर बिहार गए परिवार को दी। सूचना मिलते ही परिजन रांची पहुंचे, जहां घर के अंदर का नजारा देखकर वे सन्न रह गए। अलमारियां टूटी हुई थीं और सारा सामान बिखरा पड़ा था। परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।

घटना की सूचना मिलने के बाद सुखदेव नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों और रास्तों की जांच कर चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पीड़ित परिवार की जमा-पूंजी और शादी के सामान की चोरी होने के बाद पुलिस के लिए अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना और सामान बरामद करना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।