जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित पीएंडएम मॉल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। टाटा स्टील ने लीज रेंट और रोड सेस के बकाया 2 करोड़ 23 लाख 86 हजार रुपये का भुगतान 15 दिनों के भीतर करने की अंतिम चेतावनी दी है। टाटा स्टील के अनुसार, यह बकाया वित्तीय वर्ष 2008-09 से 2014-15 तक का है। तय समय में राशि जमा नहीं होने पर सबलीज रद्द करने और जमीन वापस लेकर कब्जे में लेने की कार्रवाई की जा सकती है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि 120 प्रतिशत तक के अन्य सेस की मांग फिलहाल शामिल नहीं है, क्योंकि इससे संबंधित मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। अब सबकी नजर भुगतान की निर्धारित समय सीमा पर है।



