
Pakur news: रात के अंधेरे में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को बनाया निशाना, लाखों के लोहे के पाइप लेकर हुए फरार! लेकिन अपराधियों की यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चली। पाकुड़ पुलिस ने महज चार घंटे के अंदर पूरे मामले का खुलासा करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, पूरा मामला पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के सलगापाड़ा स्थित ग्रामीण जलापूर्ति योजना के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का है।
जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर की रात करीब 8 से 10 अज्ञात अपराधियों ने प्लांट परिसर में घुसकर लोहे के डीआई पाइप की डकैती की थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया गया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ताज मुहम्मद शेख, जहांगीर आलम, उत्पल शील, मानिक शील, नील कमल शील, सजल दास, सिराज शेख, तुजामेल शेख, नशीरुद्दीन और संजीत महतो के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इनमें ज्यादातर आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी बिहार के मुजफ्फरपुर का निवासी बताया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने डकैती में इस्तेमाल ट्रक और बोलेरो के साथ 42 लोहे के डीआई पाइप, आठ मोबाइल फोन, एक लोहे का रॉड और एक लाठी भी बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पश्चिम बंगाल के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामले भी शामिल हैं।


