घर के अंदर चल रही थी अवैध हथियारों की फैक्ट्री! पुलिस की छापेमारी में खुला बड़ा राज, एक आरोपी गिरफ्तार

पलामू के पांडु में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, घर से देसी कट्टा और हथियार बनाने के उपकरण बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu: पलामू में पुलिस ने एक ऐसे ठिकाने का खुलासा किया है, जहां घर के अंदर ही अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा था। पुलिस की छापेमारी में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल, यह पूरा मामला पलामू जिले के पांडु थाना क्षेत्र के सतनाग टोला स्थित महुआ धाम का है।

पुलिस के मुताबिक, पहले हथियार बरामदगी के एक मामले में अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने अदालत में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने दो देसी कट्टे उदय मिस्त्री से खरीदे थे। साथ ही उसने बताया कि उदय मिस्त्री अपने घर में ही अवैध रूप से हथियार बनाने का काम करता है।

इस जानकारी के आधार पर विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीव मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उदय मिस्त्री के घर पर छापेमारी की। जहां पुलिस को कथित अवैध मिनी गन फैक्ट्री मिली।

मौके से करीब 50 वर्षीय उदय मिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा, अर्धनिर्मित हथियारों के हिस्से और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए हैं। इनमें लोहे के बैरल, ट्रिगर, लकड़ी के बट और करीब 70 छोटे-बड़े लोहे के टुकड़े शामिल हैं।

इस कार्रवाई में पांडु थाना प्रभारी विगेश राय समेत पुलिस के कई अधिकारी और जवान शामिल थे।

अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस कथित अवैध हथियार फैक्ट्री से और कितने लोग जुड़े हैं और यहां बनाए गए हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।