Ranchi: रांची के होटवार जेल से सामने आए कथित यौनाचार के मामले में अब जांच ने नया मोड़ ले लिया है। पीड़ित कैदी का बयान दर्ज करने के लिए गुरुवार को खेलगांव थाना प्रभारी जेल पहुंचे।
पीड़ित ने जेल अधीक्षक समेत कुल 19 लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि जेल के अंदर अलग-अलग जगहों पर उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। बयान के दौरान पीड़ित ने जेल के अंदर ऐसी चार जगहों की भी पुष्टि की है, जहां कथित तौर पर उसके साथ घटनाएं हुई थीं।
वहीं, पीड़ित के पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने गंभीर धाराओं के बजाय हल्की धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिससे आरोपियों को बचाने की कोशिश का संदेह पैदा होता है।
पिता ने यह भी कहा है कि BNS की धारा 183 के तहत बयान दर्ज होने के बाद वह हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल करेंगे, ताकि मामले में गंभीर धाराएं जोड़ी जा सकें।
इतना ही नहीं, पीड़ित के पिता ने जेल के अंदर से फोन के जरिए बेटे को धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी।


