Ranchi News: रांची के मेन रोड स्थित अंजुमन प्लाजा हॉल में 5 दिसंबर को सुबह 10 बजे तहफ्फुज-ए-अइम्मा मसाजिद व मुअज्जिनीन के तत्वावधान में इमामों और मुअज्जिनों का राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का मुख्य विषय ”मस्जिदों के इमामों और मुअज्जिनों की जिम्मेदारियां, अधिकार एवं उनके समक्ष आने वाली समस्याएं” निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर मस्जिदों में लगातार 20 वर्षों या उससे अधिक समय तक धार्मिक सेवाएं देने वाले इमामों, मुअज्जिनों एवं खतीबों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, 20 वर्षों से अधिक समय तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हो चुके इमामों एवं मुअज्जिनों को भी सम्मानित किया जाएगा।

इसको लेकर संस्था के संरक्षक हुसैन खान और अध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल हसीब ने बताया कि सम्मान के लिए अब तक लगभग 30 नाम प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो इमाम, मुअज्जिन एवं खतीब निर्धारित 20 वर्षों की सेवा की शर्त पूरी करते हैं, वे जल्द से जल्द अपना नाम सम्मान सूची में शामिल कराने के लिए भेजें।
नाम भेजने की अंतिम तिथि 28 नवंबर
तंजीम की ओर से झारखंड के तमाम मस्जिदों के इमामों, मुअज्जिनों एवं खतीबों से अपील की गई है कि वे अपनी कमेटी के लेटरहेड पर अपना नाम, पद, मस्जिद का नाम एवं पूरा पता लिखवाकर आयोजकों के पास भेजें। इसके अलावा मोबाइल नंबर 72609 68555 पर भी आवश्यक विवरण भेजा जा सकता है। नाम भेजने की अंतिम तिथि 28 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
यह लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे
इस सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में हजरत मुफ्ती सनाउल्लाह कासमी साहब (दारुल कजा व महाकिम, इमारत-ए-शरिया, ओडिशा) शिरकत करेंगे। सम्मेलन का आयोजन जमीयत उलेमा हिंद, मजलिस उलेमा झारखंड एवं इमारत-ए-शरिया, रांची के जिम्मेदारों की निगरानी में किया जाएगा। वहीं, रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के अध्यक्ष हुसैन खान सम्मेलन के मुख्य अतिथि एवं संस्था के संरक्षक होंगे।
तहफ्फुज-ए-अइम्मा मसाजिद और मुअज्जिनीन ने झारखंड के प्रतिष्ठित उलेमा-ए-किराम, बुद्धिजीवियों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मिल्ली एवं सामाजिक संगठनों के जिम्मेदारों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से सम्मेलन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
वहीं, तंजीम के अध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल हसीब ने कहा कि मस्जिदों में वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे इमामों, मुअज्जिनों एवं खतीबों का सम्मान करना उनके धार्मिक योगदान, समर्पण और समाज के प्रति उनकी सेवाओं को मान्यता देना है। यह सम्मेलन उनके अधिकारों, जिम्मेदारियों एवं समस्याओं पर सामूहिक चर्चा कर समाधान की दिशा में ठोस पहल करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगा।


