जादूगोड़ा : यूरेनियम उत्पादन में गिरावट के बीच यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) के करीब चार हजार कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। कंपनी की ओर से शुक्रवार को कर्मचारियों के बैंक खातों में कुल 11 करोड़ 90 लाख रुपये की बोनस राशि भेजी जाएगी। बोनस भुगतान को लेकर यूसिल के एचआर हेड राकेश कुमार ने संबंधित नोटिस बोर्ड पर सूचना जारी की है। यूरेनियम कामगार यूनियन के नेता श्रीनिवास सिंह के अनुसार, इस वर्ष कर्मचारियों को न्यूनतम 15 हजार रुपये और अधिकतम 60 हजार रुपये तक बोनस मिलने की उम्मीद है। बोनस भुगतान की खबर से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। वहीं, बोनस की राशि मिलने के बाद जादूगोड़ा के बाजार में भी त्योहारी खरीदारी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

2018 के मजदूर आंदोलन के बाद बनी थी व्यवस्था
यूसिल में बोनस भुगतान की मौजूदा व्यवस्था की शुरुआत वर्ष 2018 के मजदूर आंदोलन के बाद हुई थी। उस समय घाटशिला के पूर्व भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने हड़ताली यूसिल मजदूरों के आंदोलन की अगुवाई की थी। आंदोलन के दौरान हुए समझौते के बाद कर्मचारियों को बोनस देने की व्यवस्था बनी। इसके बाद से हर वर्ष इसी समझौते के आधार पर बोनस का भुगतान किया जाता रहा है।
यूनियन नेताओं ने प्रबंधन के फैसले का किया स्वागत
बोनस भुगतान को लेकर यूरेनियम कामगार यूनियन के श्रीनिवास सिंह, यूसिल लेबर यूनियन के महामंत्री प्रेम कुमार, सिंहभूम यूरेनियम मजदूर यूनियन के महामंत्री रमेश माझी, भोगला मार्डी और सुभाष कर्मकार ने प्रबंधन के कदम का स्वागत किया है।
बोनस से बाजार में बढ़ेगी त्योहारी रौनक
दुर्गा पूजा को लेकर जादूगोड़ा का बाजार सजने लगा है। ऐसे में कर्मचारियों के खातों में बोनस की राशि पहुंचने के बाद खरीदारी में तेजी आने की उम्मीद है। स्थानीय कारोबारियों को कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुओं की बिक्री बढ़ने की संभावना है। बोनस से कर्मचारियों को त्योहार की तैयारियों में आर्थिक मदद मिलेगी, वहीं स्थानीय व्यापार को भी गति मिलने की उम्मीद है।


