यह हादसा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कलिकापुर देवपुर में इंडियन पेट्रोल पंप के पास बाईपास सड़क पर हुआ। पुलिस के अनुसार, शाहबाजपुर निवासी रजीबुल शेख का बेटा अकील शेख बाइक पर अपने दो दोस्तों को बैठाकर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक (जेएच 04 यू/4925) से बाइक की टक्कर हो गई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने अकील शेख को मृत घोषित कर दिया। उसके दोनों दोस्तों को हल्की चोटें आई हैं।
ट्रकों की रफ्तार पर रोक लगाने की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर ट्रक तेज रफ्तार से चलते हैं। कुछ दिन पहले भी इसी जगह हादसा हुआ था। उन्होंने प्रशासन से ट्रकों की गति पर नियंत्रण के लिए जांच अभियान चलाने और दुर्घटना वाली जगह पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की।
इस दौरान मौके पर पहुंचे कुछ पत्रकारों के साथ ग्रामीणों द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने की भी सूचना है। बाद में थाना प्रभारी की पहल पर ट्रक मालिक, मृतक के परिजन और पंचायत प्रतिनिधि थाने में बातचीत के लिए राजी हुए।


