Lohardaga news: लोहरदगा में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 41.54 ग्राम ब्राउन शुगर, 3 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार और सुनील प्रसाद साहू के रूप में हुई है। दोनों लोहरदगा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-चापी मार्ग के रास्ते एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप में ब्राउन शुगर लेकर कुछ लोग लोहरदगा पहुंचने वाले हैं। इसके बाद एसपी के निर्देश पर लोहरदगा थाना प्रभारी ने विशेष टीम गठित कर वाहन जांच अभियान शुरू कराया।
इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को सामने देखकर वाहन में बैठे चालक और एक अन्य व्यक्ति भागने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
इसके बाद वाहन सवार दोनों लोगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सात पुड़ियों में रखा 41.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस ने नकदी और मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया।
फिलहाल, दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


