Dhanbad : धनबाद जिले के बाघमारा में शुक्रवार को एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सुनील रवानी के रूप में हुई है। आरोप है कि नदखुरगी फीडर ब्रेकर के पास पेलोडर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को डंपर में कोयले के साथ लादकर बेनीडीह साइडिंग पहुंचा दिया गया। रैक लोडिंग के दौरान कोयले के ढेर में शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पेलोडर की चपेट में आने से हुई मजदूर की मौत
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह सुनील रवानी अपने एक साथी के साथ नदखुरगी फीडर ब्रेकर के पास गया था। इसी दौरान वहां काम कर रहे पेलोडर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से दब गया। आरोप है कि घटना के बाद पेलोडर ऑपरेटर ने इसकी सूचना देने के बजाय शव को कोयले के साथ डंपर में लोड कर दिया।
कोयले के ढेर में शव मिलने से मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि डंपर से कोयला बेनीडीह साइडिंग में गिराया गया था। वहां से कोयले को मालगाड़ी के रैक में लोड करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान मजदूर की मौत की जानकारी मिलने पर परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कोयले के ढेर में शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के विरोध के बाद रैक लोडिंग का काम रोक दिया गया।
ट्रांसपोर्टिंग कंपनी पर गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों ने ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के प्रबंधन और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि सुनील को जानबूझकर पेलोडर से धक्का मारा गया और घटना के साक्ष्य छिपाने के लिए शव को कोयले के साथ डंप कर दिया गया। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
परिजनों के अनुसार, सुनील रवानी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उसी के कंधों पर थी। ग्रामीणों ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ और बाघमारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल मामले की जांच का इंतजार है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मजदूर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को कोयले के साथ साइडिंग तक पहुंचाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।


