Ranchi : झारखंड की पांच नाबालिग बच्चियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर तमिलनाडु ले जाने का मामला सामने आया है। रांची रेलवे स्टेशन पर RPF की टीम ने ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत कार्रवाई करते हुए बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस दौरान एक 41 वर्षीय व्यक्ति को भी पकड़ा गया है, जिस पर बच्चियों को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर को रेल मदद के माध्यम से RPF को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 18636 सासाराम-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस से कुछ नाबालिग बच्चियों को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही RPF पोस्ट रांची, CIB रांची और DNF की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई।
दोपहर करीब 12 बजकर 8 मिनट पर ट्रेन रांची स्टेशन पहुंची। यहां टीम ने एक व्यक्ति को पांच बच्चियों के साथ देखा। संदेह होने पर सभी को रोककर पूछताछ के लिए RPF पोस्ट लाया गया।
15 हजार रुपये महीने की नौकरी का दिया था लालच
पूछताछ में आरोपी की पहचान पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अपर खुर्द निवासी 41 वर्षीय सुशील कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से तमिलनाडु की एक स्पिनिंग मिल में सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहा है।
आरोप है कि उसने बच्चियों को तमिलनाडु की स्पिनिंग मिल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके लिए उन्हें हर महीने करीब 15 हजार रुपये वेतन मिलने की बात कही गई थी। आरोपी ने यह भी बताया कि कंपनी की ओर से उसे प्रत्येक व्यक्ति के हिसाब से प्रतिदिन 20 रुपये मिलते हैं।
AHTU को सौंपी गई आगे की जांच
मामले की गंभीरता और बच्चियों की नाबालिग उम्र को देखते हुए RPF ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी और पांचों बच्चियों को रांची की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) के हवाले कर दिया।
इस मामले में AHTU थाना में कांड संख्या 14/2026 के तहत 26 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) और 143(5) के अलावा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 और 81 लगाई गई हैं। मामले की जांच SI मनोज भगत को सौंपी गई है।
RPF के मुताबिक, ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में मानव तस्करी रोकने और बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।


