Jharkhand News: क्या बंद हो जाएगी मंईयां सम्मान योजना? MMDR कानून से हर साल 13 हजार करोड़ का नुकसान

News Aroma Desk
3 Min Read
Jharkhand News: क्या बंद हो जाएगी मंईयां सम्मान योजना? MMDR कानून से हर साल 13 हजार करोड़ का नुकसान!
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: झारखंड की खनिज संपदा से होने वाली कमाई पर अब संकट के बादल मंडराते दिख रहे हैं। केंद्र सरकार के MMDR Amendment Act 2026 को लेकर झारखंड सरकार ने विरोध जताया है। राज्य सरकार का दावा है कि इस कानून के लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। इससे राज्य की कई कल्याणकारी योजनाओं के बजट पर भी असर पड़ने की आशंका है।

इसमें सबसे ज्यादा चर्चा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर हो रही है। इस योजना के तहत करीब 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

क्यों हो सकता है 13 हजार करोड़ का नुकसान?

दरअसल, राज्य सरकार को आपत्ति है कि MMDR संशोधन कानून से खनिज युक्त जमीन पर टैक्स, उपकर और सेस लगाने के राज्यों के अधिकार सीमित हो सकते हैं। झारखंड सरकार का कहना है कि इससे उसकी कमाई का बड़ा स्रोत प्रभावित होगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा के विशेष सत्र में इस कानून का विरोध किया। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध है, लेकिन खनन का नुकसान स्थानीय लोगों को उठाना पड़ता है। आदिवासी और दूसरे प्रभावित समुदायों को विस्थापन, जमीन और पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

क्या बंद हो जाएगी मंईयां सम्मान योजना?

मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाते हैं। इस पर सालाना करीब 15 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। ऐसे में 13 हजार करोड़ रुपये के संभावित राजस्व नुकसान से सरकार के सामने आर्थिक चुनौती बढ़ सकती है।

हालांकि, अभी मंईयां सम्मान योजना बंद करने या उसकी राशि घटाने का कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। मुफ्त बिजली, बिजली बिल माफी, सर्वजन पेंशन और अबुआ आवास जैसी योजनाओं के बजट पर भी दबाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

विधानसभा में पारित हुआ प्रस्ताव

विशेष सत्र में विधानसभा ने MMDR संशोधन कानून के विरोध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से इसे वापस लेने की मांग की है। अब सबकी नजर केंद्र के फैसले पर है। फिलहाल महिलाओं को मिलने वाली 2500 रुपये की सम्मान राशि जारी रहेगी या नहीं, इस पर किसी तरह की आधिकारिक रोक की घोषणा नहीं हुई है।

 

Share This Article