झारखंड में बड़ा रेल हादसा! पटरी से उतरी मालगाड़ी, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें फंसीं, यात्रियों में हड़कंप

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : झारखंड के चक्रधरपुर रेल मंडल से एक बड़ी रेल दुर्घटना की खबर सामने आई है। मुर्गामहादेव रोड स्टेशन के पास कोयले से लदी मालगाड़ी के दो डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। यह हादसा करीब 12 बजे हुआ। घटना के बाद देवझर–बांसपानी रेलखंड की अप और डाउन दोनों लाइन पूरी तरह बाधित हो गईं, जिससे ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई।

वंदे भारत समेत कई ट्रेनें रास्ते में अटकीं

इस हादसे का असर कई अहम ट्रेनों पर पड़ा। खुर्दा रोड–टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस को बांसपानी स्टेशन पर रोकना पड़ा। वहीं पुरी–बड़बिल इंटरसिटी ट्रेन बीच रास्ते में ही खड़ी रह गई। विशाखापट्टनम एक्सप्रेस को टाटानगर स्टेशन पर ही रोक दिया गया। तेज गर्मी के बीच ट्रेन में फंसे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

टाटा–गुवा ट्रेन रद्द, कई रूट बदले गए

मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद टाटा–गुवा मेमू ट्रेन (68003/68004) को पूरी तरह रद्द कर दिया गया। इसके अलावा कई ट्रेनों को बीच रास्ते से वापस भेजना पड़ा, जबकि कुछ के रूट में बदलाव किया गया।

कई ट्रेनों का सफर अधूरा, कुछ सेवाएं प्रभावित

18416 पुरी–बड़बिल एक्सप्रेस को जरुली में ही रोकना पड़ा

18415 बड़बिल–पुरी एक्सप्रेस देवझर में ही रोक दी गई

12021 हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी टाटानगर में शॉर्ट टर्मिनेट हुई

12022 बड़बिल–हावड़ा एक्सप्रेस टाटा से ही वापस लौटा दी गई

20892 पुरी–टाटा वंदे भारत बांसपानी में ही रुकी रही

20891 टाटा–ब्रह्मपुर ट्रेन को रीशेड्यूल कर शाम 8:20 बजे किया गया

राहत कार्य जारी, भारी मशीनें मौके पर

हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। चक्रधरपुर से 140 टन की भारी क्रेन और डांगुवापोसी से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को मौके पर भेजा गया। चूंकि मालगाड़ी कोयले से भरी हुई थी, इसलिए डिब्बों को दोबारा पटरी पर लाने में दिक्कत आ रही है। फिलहाल राहत और मरम्मत का काम तेजी से जारी है।

व्यस्त रूट ठप, माल ढुलाई पर भी असर

देवझर–बांसपानी रेलखंड इस इलाके का बेहद व्यस्त मालवाहक रूट माना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में लौह-अयस्क और कोयले की ढुलाई होती है। ऐसे में इस रूट के बाधित होने से माल परिवहन पर भी असर पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सफर पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें, क्योंकि इस रूट पर हालात सामान्य होने में अभी समय लग सकता है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।