चतरा : चतरा के सदर थाना क्षेत्र के किशुनपुर से एक दुखत खबर सामने आई है। बुधवार की रात सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान किशुनपुर निवासी सरयू राणा के पुत्र बसंत राणा के रूप में हुई है। घायलों में उपेन्द्र राणा, रामदेव राणा और गुड्डू राणा शामिल हैं।

बताया गया कि बसंत राणा बोलेनो कार से बधार की ओर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसंत राणा की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क किनारे वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।


