
Cleanliness drive in Ranchi : रांची नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए बुधवार को शहर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग इलाकों में जाकर दुकानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की जांच की गई।
अभियान के दौरान कई जगहों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिस पर सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 3 लाख 95 हजार 100 रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 के प्रावधानों के तहत की गई।
शहर के प्रमुख इलाकों में चला अभियान
अपर प्रशासक संजय कुमार के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने शहीद चौक, अपर बाजार, पुर्लिया रोड (सदर अस्पताल), डेली मार्केट से मेन रोड तक निरीक्षण किया। वहीं उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू ने नागा बाबा वेजिटेबल मार्केट से रातू रोड तक व्यवस्था देखी।
उप प्रशासक रविंद्र कुमार ने अरगोड़ा से सहजानंद चौक और बायपास रोड तक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़कों, फुटपाथों और बाजार क्षेत्रों की साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
इन मामलों में हुई कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण, अवैध विज्ञापन, डस्टबिन की कमी, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (वेस्ट) का गलत निपटान, सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग, अवैध वेंडिंग और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई।
नगर निगम के अनुसार, अतिक्रमण के मामलों में 1,09,900 रुपये, अवैध विज्ञापन पर 1,27,000 रुपये, डस्टबिन नहीं रखने पर 50,000 रुपये और अन्य उल्लंघनों पर अलग-अलग राशि का जुर्माना वसूला गया।
स्वच्छ शहर बनाने की पहल
अधिकारियों ने बताया कि शहर की 10 प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ रखने के लिए डेडिकेटेड रोड मैनेजमेंट टीम का गठन किया गया है।
प्रत्येक मार्ग पर एक वरिष्ठ पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि नियमित मॉनिटरिंग हो सके और नियमों का सख्ती से पालन कराया जा सके। नगर निगम ने साफ संदेश दिया है कि स्वच्छता से समझौता नहीं किया जाएगा।
