रांची पुलिस की बहादुरी की सीएम हेमंत सोरेन ने की सराहना, कहा– मासूम बच्चों की सुरक्षित वापसी राहत की बात

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची पुलिस के सफल अभियान की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि अपहरणकर्ताओं के चंगुल से दो मासूम बच्चों की सुरक्षित रिहाई पूरे राज्य के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि कोई इंसान इतना नीचे कैसे गिर सकता है कि मासूम बच्चों का अपहरण करे। उन्होंने बताया कि यह मामला उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी काफी परेशान कर रहा था और पिछले कुछ दिन तनाव से भरे रहे।

कठिन हालात में भी नहीं हारी पुलिस

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि इस मामले की शुरुआत में पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिल पा रही थी। लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने धैर्य और समझदारी से काम किया। दूसरे राज्य में हुई इसी तरह की घटनाओं से जुड़े सुरागों को जोड़ते हुए रांची पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में सफल रही। इसी सूझबूझ और मेहनत के कारण बच्चों को सकुशल मुक्त कराया जा सका, जो काबिले-तारीफ है।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि यह कार्रवाई यहीं खत्म नहीं होगी। राज्य के अंदर और बाहर इस तरह की घटनाओं की गहराई से जांच की जाएगी। अपराधियों के पूरे गिरोह को तोड़ने के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने रांची पुलिस और झारखंड पुलिस की टीम को तत्परता और कार्यकुशलता के लिए बधाई दी।

अंत में सीएम ने बच्चों अंश और अंशिका के परिवार के प्रति संवेदना और शुभकामनाएं व्यक्त कीं और कहा कि सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

Share This Article