
भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल सौरव गांगुली की बायोपिक ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का फर्स्ट लुक पोस्टर उनके जन्मदिन के मौके पर जारी कर दिया गया है। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर क्रिकेट और सिनेमा प्रेमियों के बीच उत्साह की लहर दौड़ गई है। फिल्म में सौरव गांगुली की भूमिका अभिनेता राजकुमार राव निभा रहे हैं।
पोस्टर पर फिल्म का नाम ‘दादा’ प्रमुखता से लिखा गया है, जबकि टैगलाइन दी गई है— “उन्होंने सिर्फ खेला नहीं, खेल को बदल दिया।” साथ ही यह भी घोषणा की गई है कि फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
लॉर्ड्स की बालकनी वाला यादगार पल फिर हुआ जीवंत
फर्स्ट लुक पोस्टर में राजकुमार राव जर्सी उतारकर उसे हवा में लहराते नजर आ रहे हैं। यह दृश्य भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे चर्चित क्षणों में से एक है। 13 जुलाई 2002 को भारत ने नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में इंग्लैंड को हराया था, जिसके बाद कप्तान सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी शर्ट उतारकर जीत का जश्न मनाया था।
उस मुकाबले में भारत ने 326 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार जीत दर्ज की थी। युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ की शानदार साझेदारी ने टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। गांगुली का यह जश्न इंग्लैंड के ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ को जवाब माना गया, जिन्होंने इससे पहले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत को हराने के बाद इसी अंदाज में जश्न मनाया था।
सौरव गांगुली बोले- अब तक का सबसे बेहतरीन तोहफा
सौरव गांगुली ने खुद सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “अब तक का सबसे बेहतरीन तोहफा! मेरे कवर गानों को सुनने के लिए बेसब्री से इंतजार है!” वहीं, राजकुमार राव ने भी पोस्टर शेयर कर गांगुली को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। फैन्स अब इस बहुप्रतीक्षित बायोपिक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

