
Thunderstorm Warning App : अब आकाशीय बिजली यानी वज्रपात से होने वाले हादसों को रोकने के लिए एक नई तकनीक सामने आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और IITM पुणे की संयुक्त पहल से विकसित ‘Damini App’ लोगों को वज्रपात से पहले चेतावनी देने में सक्षम है।
हर साल देशभर में सैकड़ों लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आकर अपनी जान गंवा देते हैं। खेतों में काम करने वाले किसान, खुले में सफर करने वाले लोग और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोग सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं। वज्रपात अचानक आता है और संभलने का मौका बहुत कम देता है।
‘Damini App’ इस खतरे को कम करने का आधुनिक तरीका है। यह ऐप पूरे भारत में बिजली गिरने की गतिविधियों पर नजर रखता है और यूजर की लोकेशन के आसपास 20 से 40 किलोमीटर के दायरे में संभावित वज्रपात को ट्रैक करता है।

सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह संभावित वज्रपात से लगभग 40 मिनट पहले ही मोबाइल पर अलर्ट भेज देता है। जीपीएस तकनीक के जरिए जैसे ही किसी इलाके में बिजली गिरने की संभावना बनती है, यूजर को तुरंत नोटिफिकेशन मिल जाता है, जिससे सुरक्षित स्थान पर जाने का पर्याप्त समय मिल जाता है।
एप में एक मैप फीचर भी है, जिससे यूजर पूरे देश में कहां वज्रपात होने की संभावना है, यह देख सकता है। अलर्ट को अलग-अलग रंगों में दिखाया जाता है – येलो रंग 10 मिनट पहले चेतावनी देता है, जबकि ब्लू रंग 15 मिनट पहले सतर्क करता है।
‘Damini App’ से अब वज्रपात से होने वाले जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है और यह विशेष रूप से किसानों और ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
