देहरादून: वर्तमान में जारी नवरात्र एवं आगामी त्योहारी सीजन तथा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रस्तावित विशिष्ट व्यक्तियों के कार्यक्रमों को देखते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था मजबूत रखने के सख्त निर्देश दिए हैं । यहां बुधवार देर रात तक जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डोभाल ने सभी थाना प्रभारियों को मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा चिन्हित जांच स्थलों पर प्रभावी जांच के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से संदिग्धों और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने तथा त्योहारी सीजन में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए व्यस्ततम अवधि में व्यस्त मार्गों और चौराहों पर स्वयं मौजूद रहकर यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । उन्होंने मुख्य बाजारों, सड़कों और फुटपाथों पर अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा, ताकि आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।
एसएसपी ने ज्वैलरी शॉप, बैंक, एटीएम, सर्राफा बाजार और वित्तीय संस्थानों में सुरक्षा जांच बढ़ाने, सीसीटीवी, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था जांचने तथा बिना सुरक्षा व्यवस्थाओं के संचालित प्रतिष्ठानों की सूची बनाकर उन्हें नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने नौ नवंबर को होने वाले राज्य स्थापना दिवस के दौरान विशिष्ट एवं अति विशिष्ट व्यक्तियों के भ्रमण को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने—अपने क्षेत्रों में संदिग्धों की पहचान के लिए प्रभावी सत्यापन अभियान चलाने तथा सोशल मीडिया पर भी सतर्क दृष्टि रखने को कहा । डोभाल ने सीसीटीएनएस के तहत विभिन्न पोर्टलों में सूचनाओं को समय से अपडेट न करने के लिए भी संबंधित थाना प्रभारियों को फटकार लगाई तथा इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरतने के कड़े निर्देश दिए ।


