विधायक अंबा प्रसाद के साथ दुर्व्यवहार मामले में देवघर DC ने DDC से मांगी रिपोर्ट

News Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची/देवघर: देवघर स्थित बाबा मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के दिन मंगलवार को बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद के साथ दुर्व्यवहार मामले का उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने संज्ञान लिया है।

इस मामले में विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन की कार्यवाही प्रारंभ होते ही महाशिवरात्रि के दिन देवघर मंदिर में हुई अवस्था का मुद्दा गरमा गया।

विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने सरकार पर चौतरफा हमला बोल दिया। भाजपा विधायकों ने सत्ताधारी दल की कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के साथ देवघर मंदिर में हुए व्यवहार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही कहा कि अंबा का अपमान पूरे सदन का अपमान है।

इस पर विधानसभा स्पीकर ने टिप्पणी की है कि अधिकारियों का मन बढ़ गया है। अब मामला गरम होता देख देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने पहल की है। डीडीसी ताराचंद्र (आइएएस) को 48 घंटे का समय दिया है।

उन्होंने कहा है कि अंबा प्रसाद से जुड़े मामले की तत्काल जांच दो दिनों में करके तथ्यात्मक जवाब प्रतिवेदन उन्हें उपलब्ध कराएं। जांच प्रतिवेदन के आलोक में कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि महाशिवरात्रि के मौके पर अंबा प्रसाद देवघर में बाबा मंदिर गयी थीं। वहां लंबे समय तक इंतजार के बावजूद उन्हें बाबा का दर्शन नहीं कराया गया।

इस दौरान मंदिर परिसर में अव्यवस्था का आलम भी उन्हें देखने को मिला। स्थानीय प्रशासन को सूचना देने के बावजूद सहयोग की बजाय उनके साथ अशिष्ट आचरण किये जाने की बात सामने आयी। इसके बाद अंबा ने देवघर डीसी से शिकायत भी की। विधानसभा में आज मामला तूल पकड़ने पर सरकार ने जांच कराने की बात कही है।

Share This Article