धनबाद में गैस की कमी की अफवाह से बढ़ी एलपीजी सिलेंडरों कि मांग

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की खबरों का असर अब देश के कई हिस्सों के साथ धनबाद में भी देखने को मिल रहा है। ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते टकराव की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर गैस की कमी को लेकर अफवाह फैलने लगी। इस अफवाह के बाद धनबाद शहर में एलपीजी गैस सिलेंडर की मांग अचानक बढ़ गई है।

स्थिति यह हो गई कि कई गैस एजेंसियों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गईं। लोग जल्द से जल्द गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों में जा रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर लोगों में चिंता

दरअसल, लोगों को यह डर सता रहा है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात और खराब होते हैं तो पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे लोगों की परेशानी बेहद बढ़ जाएगी। इसी आशंका के कारण उपभोक्ता पहले से ही गैस सिलेंडर खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। कई लोग जरूरत से पहले ही गैस भरवाने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं।

अधिकारियों ने अफवाहों से बचने की दी सलाह

हालांकि गैस एजेंसियों और आपूर्ति से जुड़े अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धनबाद जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना जरूरत के गैस सिलेंडर जमा करने की कोशिश न करें। अधिकारियों के अनुसार गैस की आपूर्ति सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।

Share This Article