धनबाद में पुलिस-गैंगस्टर के बीच मुठभेड़, प्रिंस खान गिरोह के तीन बदमाश धराए, इलाके में हड़कंप

धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार, दो को गोली लगी, इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा।

Vinita Choubey
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : धनबाद में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों और पुलिस के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुटकी थाना क्षेत्र के भागाबांध ओपी इलाके में चलाए गए इस ऑपरेशन में पुलिस ने गिरोह के तीन अपराधियों को पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गोली लगी, जबकि एक अपराधी भागने की कोशिश में घायल हो गया और उसका पैर टूट गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

ज्वाइंट ऑपरेशन में मिली बड़ी कामयाबी

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई रांची एसएसपी राकेश रंजन और धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में की गई। दोनों जिलों की पुलिस की विशेष टीम ने मिलकर यह संयुक्त ऑपरेशन चलाया। पुलिस को पहले ही सूचना मिल गई थी कि प्रिंस खान गिरोह के कुछ सक्रिय सदस्य इस इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान अपराधियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए।

तीन अपराधी गिरफ्तार

मौके से पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों में कुबेर, विक्की डोम और अमन अफजल शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी कुख्यात अपराधी हैं और कई आपराधिक मामलों में लंबे समय से इनकी तलाश की जा रही थी। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।

Share This Article