
लखनऊ: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आतंकवाद के वित्तपोषण और अवैध घुसपैठ नेटवर्क से जुड़े धनशोधन मामले में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश सहित चार राज्य के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संघीय एजेंसी के लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पश्चिम बंगाल के करीब 13 ठिकानों पर छापेमारी की।
अधिकारियों ने बताया कि ईडी का यह धनशोधन मामला 2024 में उत्तर प्रदेश आतंकवाद रोधी दस्ते (यूपी-एटीएस) की उस प्राथमिकी पर आधारित है, जिसमें एक ऐसे संगठित गिरोह का जिक्र है जो कथित तौर पर रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की भारत में घुसपैठ कराने, उनके लिए जाली भारतीय पहचान दस्तावेज बनवाने और देश के अलग-अलग हिस्सों में उन्हें बसाने में मदद करने में संलिप्त था। उन्होंने बताया कि एटीएस की जांच में ‘एक जटिल’ वित्तीय नेटवर्क का खुलासा हुआ जिसमें कुछ परमार्थ न्यास और संस्थाएं शामिल हैं, जिन पर कथित तौर पर विदेशी चंदा प्राप्त करने और राशि अवैध गतिविधियों को संचालित करने में मदद के लिए कई बैंक खातों, बिचौलियों के खातों और जटिल लेनदेन के माध्यम से स्थानांतरित करने का आरोप है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान संदिग्ध लाभार्थियों द्वारा नकद निकासी और कम मूल्य के अंतरण किए जाने की भी जानकारी मिली।

