
अपनों के बीच रहने से शायद कोई मिरेकल हो जाये और पापा पूर्ण रूप से स्वस्थ हो जाये: निशि महतो
रांची : सिंदरी विधानसभा की जनता के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। भाजपा के सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक इंद्रजीत महतो 14 अप्रैल को अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि झारखंड लौटने वाले हैं। यह जानकारी उनकी बेटी निशि महतो ने एक चैनल से बातचीत में दी। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे पूर्व विधायक पिछले लगभग पांच वर्षों से हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में उपचाररत थे। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें यात्रा की अनुमति दे दी है। उनके झारखंड आगमन की खबर से समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उनकी बेटी ने कहा कि अभी उनकी स्थिति में बहुत सुधार तो नहीं हुई है लेकिन जब वे अपनों के बीच मे रहेंगे तो माहौल बदलेगा तो कुछ मिरेकल हो जाए और वे पूर्ण रूप से स्वस्थ हो कर फिर से अपनी जनता के बीच आ जाये।
वहीं, पार्टी से जुड़े लोगों का कहना है कि इंद्रजीत महतो का क्षेत्र में सामाजिक और राजनीतिक योगदान महत्वपूर्ण रहा है तथा उनके लौटने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। कोविड काल के दौरान स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद ले जाया गया था, जहां लगातार चिकित्सकीय निगरानी में उनका इलाज चलता रहा। अब स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार के बाद वे अपने गृह क्षेत्र लौटने की तैयारी में हैं। सूत्रों के अनुसार, उनके स्वागत को लेकर समर्थक विशेष कार्यक्रम की भी तैयारी कर रहे हैं। लंबे अंतराल के बाद अपने नेता की वापसी को लेकर सिंदरी और धनबाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

