
साल 2010 में रिलीज हुई तीस मार खां अपने कॉमिक अंदाज और गानों की वजह से काफी चर्चा में रही थी। फिल्म का निर्देशन फराह खान ने किया था। इसमें अक्षय कुमार के साथ कट्रीना कैफ और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। वहीं अभिनेता और होस्ट मनीष पाल ने फिल्म में मेहमान भूमिका निभाई थी। हाल ही में फिल्म की सीक्वल को लेकर खबरें सामने आई थीं, लेकिन अब फराह खान ने इन चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
शाह रुख खान के साथ सीक्वल की खबरों पर प्रतिक्रिया
बीते दिनों ऐसी खबरें वायरल हुई थीं कि फराह खान ‘तीस मार खां’ की सीक्वल शाह रुख खान के साथ बनाने जा रही हैं। इस खबर ने सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, फराह खान ने अपने यूट्यूब शो में इन सभी अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
मनीष पाल के घर हुई मजेदार बातचीत
दरअसल, फराह खान अपने यूट्यूब शो की शूटिंग के सिलसिले में मनीष पाल के घर पहुंची थीं। इसी दौरान मनीष की पत्नी संयुक्ता पाल ने फराह से पूछा कि क्या वह ‘तीस मार खां’ की सीक्वल बना रही हैं? इस सवाल पर फराह ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि ऐसी खबरें कहां से आ रही हैं। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि शाह रुख मेरे साथ ‘तीस मार खां’ की सीक्वल क्यों बनाएंगे?”
कहानी को लेकर भी नहीं हुई कोई तैयारी
बातचीत के दौरान संयुक्ता ने मजाक में कहा कि फिल्म की कहानी भी तैयार हो चुकी है। इस पर फराह ने हंसते हुए जवाब दिया कि अगर कहानी लिखी जा चुकी है, तो उन्हें भी दे दी जाए। उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल उनके पास ऐसी किसी फिल्म की कोई कहानी नहीं है और न ही सीक्वल पर काम चल रहा है।

