रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे ने पूजा सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए तीन जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान विभिन्न रूटों पर संचालित होंगी ताकि त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिल सके।
रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुरी-संतरागाछी-पुरी विशेष ट्रेन (08405/08406) 5 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक प्रत्येक सोमवार को शाम 17:45 बजे पुरी से रवाना होगी और अगले दिन तड़के 03:45 बजे संतरागाछी पहुंचेगी। वापसी में संतरागाछी-पुरी स्पेशल 6 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक हर मंगलवार को सुबह 08:45 बजे खुलकर उसी दिन शाम 19:00 बजे पुरी पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकार क्षेत्र में बालेश्वर, रूपसा, जलेश्वर, बेलदा और खड़गपुर स्टेशनों पर होगा।

इसके अलावा तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-संतरागाछी-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ विशेष ट्रेन (06081/06082) 2 अक्टूबर से 30 अक्टूबर के बीच प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 14:15 बजे तिरुवनंतपुरम नॉर्थ से चलकर तीसरे दिन दोपहर 13:45 बजे संतरागाछी पहुंचेगी। वापसी दिशा में यह ट्रेन 5 अक्टूबर से 2 नवंबर तक हर सोमवार को दोपहर 14:15 बजे संतरागाछी से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 09:55 बजे तिरुवनंतपुरम नॉर्थ पहुंचेगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत इसका ठहराव बालेश्वर और खड़गपुर में दिया गया है।
लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए एरनाकुलम-पटना-एरनाकुलम विशेष ट्रेन (06085/06086) का संचालन भी किया जा रहा है। 06085 एरनाकुलम-पटना स्पेशल 2 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक हर शुक्रवार रात 21:30 बजे रवाना होकर चौथे दिन तड़के 03:30 बजे पटना पहुंचेगी। वहीं वापसी में 06086 पटना-एरनाकुलम स्पेशल 6 अक्टूबर से 3 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार रात 00:10 बजे पटना से खुलकर तीसरे दिन सुबह 10:45 बजे एरनाकुलम पहुंचेगी। यह ट्रेन दक्षिण पूर्व रेलवे क्षेत्र में बालेश्वर, खड़गपुर और अंदुल स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे के इस कदम से दुर्गा पूजा और छठ पर्व के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में काफी आसानी होगी।


