गुमला जेल में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के शराब पार्टी करने के मामले में जेलर सहित चार निलंबित

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आजीवन कारावास की सजा काट रहे अपराधी सुजीत सिन्हा का जेल में शराब पार्टी करते फोटो वायरल होने के मामले में गुमला के प्रभारी जेलर सहित चार को निलंबित कर दिया गया है।

साथ ही जेल में अनुबंध पर कार्यरत दो कक्षपाल की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इसके अलावा जेल अधीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने की घोषणा की गई है।

फोटो के वायरल होने के जांच रिपोर्ट की समीक्षा के बाद मंगलवार को जेल आईजी ने मंडल कारा गुमला के प्रभारी जेलर समेत चार को निलंबित कर दिया है।

उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा मंडल कारा गुमला के जेल अधीक्षक सुनील कुमार के खिलाफ भी विभागीय कार्यवाही चलेगी।

गुमला जेल में अनुबंध पर कक्षपाल के पद पर कार्यरत दो भूतपूर्व सैनिकों का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है। साथ ही जेल में पार्टी करने वाले कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा को केंद्रीय कारा दुमका में शिफ्ट कर दिया गया है।

मंगलवार को जिन लोगों पर कार्रवाई हुई है, उनमें सहायक कारापाल कौलेश्वर राम पासवान, उच्च कक्षपाल मोहरा सांगा, दफा इंचार्ज उपेंद्र राय और कक्षपाल मुन्ना साह को निलंबित किया गया है। इसके अलावा अनुबंध पर कक्षपाल के पद पर कार्यरत दो भूतपूर्व सैनिक मारकुश लकड़ा और वाल्टर केरकेट्टा का अनुबंध समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि गत 10 जनवरी को गुमला जेल में अपराधी सुजीत सिन्हा के शराब पार्टी किये जाने का फोटो वायरल हुआ था। इसके बाद जेल प्रशासन और गुमला जिला प्रशासन सक्रिय ने उसकी उच्च स्तरीय जांच करायी गयी।

जेल आइजी मनोज कुमार के निर्देश पर एआइजी हामिद अख्तर ने भी पूरे मामले की जांच की। उपायुक्त गुमला के निर्देश पर एसडीओ और डीएसपी ने पूरे मामले की जांच की। जांच में इस बात की पुष्टि हो गयी कि उक्त वायरल फोटो मंडल कारा गुमला का है।

इसके बाद जांच समिति ने राज्य सरकार और कारा निरीक्षणालय से कार्रवाई की अनुशंसा की थी, जिसके बाद जेल आईजी ने इस मामले कार्रवाई की है। इस पूरे प्रकरण में गुमला थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है।

Share This Article