
नई दिल्ली: केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि ब्रिटिश काल में बने जिला कलेक्ट्रेट, अदालतें, अस्पताल भवन, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को संरक्षित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने राज्यों से इस दिशा में ‘‘अधिक गंभीरता’’ के साथ कदम उठाने का आग्रह किया। शेखावत केंद्रीय पर्यटन मंत्री भी हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या मुख्य रूप से प्राचीन स्थलों के संरक्षण पर ध्यान देने वाले विरासत संपत्तियों के संरक्षकों को ब्रिटिश काल की इमारतों पर भी ध्यान देना चाहिए, क्योंकि वे भी पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित हो सकती हैं।
इस पर शेखावत ने कहा, ‘‘भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधीन 3,686 राष्ट्रीय महत्व के स्थल हैं। इसके अलावा लगभग सभी राज्यों के अपने-अपने पुरातत्व विभाग हैं और प्रत्येक राज्य के पास सूचीबद्ध स्थल एवं संपत्तियां हैं, जिनके रखरखाव की जिम्मेदारी उन्हीं की है।’’ मंत्री ने कहा कि कई किले, महल और ब्रिटिश काल की इमारतें एवं स्थल राज्य संरक्षित स्मारक घोषित किए जा चुके हैं और उनका संरक्षण संबंधित राज्य सरकारों की ‘‘जिम्मेदारी’’ है।

