Chaibasa-Khunti News: पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिले की सीमा पर बुधवार को सुरक्षा बलों ने भाकपा (माओवादी) नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। चाईबासा पुलिस, खूंटी पुलिस, झारखंड जगुआर और CRPF की संयुक्त टीम ने अड़की थाना क्षेत्र के कोचांग के पास जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान 18 शक्तिशाली IED बम (प्रत्येक का वजन 3 किलोग्राम) बरामद किए। बम निरोधक दस्ते ने इन विस्फोटकों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
गुप्त सूचना पर शुरू हुआ अभियान
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को 8 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा और अन्य नक्सली सारंडा-कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे हैं। सूचना में बताया गया कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जंगलों में गोला-बारूद और विस्फोटक छिपाए हैं। इसके आधार पर 9 जुलाई को संयुक्त अभियान चलाया गया।
नक्सलियों की साजिश पर पानी फेरा
सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल में जमीन के नीचे छिपाए गए 18 IED बम बरामद किए गए। बम निरोधक दस्ते ने इन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया, जिससे नक्सलियों की सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की योजना विफल हो गई। पुलिस का कहना है कि इस सफलता से इलाके में नक्सली गतिविधियों पर बड़ा अंकुश लगा है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा। झारखंड पुलिस और CRPF ने हाल के महीनों में सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में कई नक्सली डंप नष्ट किए और सैकड़ों IED बरामद किए हैं, जिससे नक्सलवाद पर 90% तक काबू पाया जा चुका है।